जुमे की नमाज से पहले भोपाल में हाई अलर्ट, प्रमुख मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा

जुमे की नमाज को लेकर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। पुराने शहर और संवेदनशील इलाकों में शुक्रवार सुबह से ही अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना बताया गया है।
पुलिस प्रशासन की यह सतर्कता हाल ही में सामने आए एक युवक के साथ कथित मारपीट और सार्वजनिक अपमान से जुड़े मामले के बाद बढ़ाई गई है। घटना के बाद शहर के कुछ हिस्सों में संवेदनशील माहौल को देखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
इस मामले को लेकर Mohsin Gautam ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी और कार्रवाई नहीं होने पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
भोपाल पुलिस कमिश्नर Sanjay Kumar ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों और भड़काऊ संदेशों से दूर रहने की अपील की है।
वहीं, भोपाल के शहर काजी Mushtaq Ali Nadvi ने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से अमन-चैन और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह या उकसावे में न आएं और शहर की शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
प्रमुख मस्जिदों पर कड़ी निगरानी
पुराने भोपाल के इतवारा, बुधवारा और पीरगेट सहित कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। ताजुल मसाजिद, मोती मस्जिद, जामा मस्जिद और कुलसुम बिया मस्जिद के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। नमाज के दौरान पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी जारी रहेगी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर 12:40 बजे से 2:45 बजे के बीच शहर की विभिन्न मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति नियंत्रण में है और शहर में शांति बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले एक होटल में युवक-युवती के मिलने के विवाद के बाद हिंसक घटना सामने आई थी, जिसके वीडियो के वायरल होने के बाद कुछ समुदायों में नाराजगी देखी गई थी। इसी मामले को लेकर हाल के दिनों में प्रदर्शन और कार्रवाई की मांग भी उठी थी।






