| |

भोपाल के सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटका मिला बच्ची का शव: पिता को कई नंबरों से आए थे धमकी भरे फोन; अंग्रेजी में लिखा था सुसाइड नोट

भोपाल। घर से स्कूल गई छात्रा का शव सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटका मिला है। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान हैं। उसके हाथ की नस कटी है। पुलिस को कमरे से अंग्रेजी से लिखा हुआ सुसाइड नोट भी मिला है।

यह क्वार्टर बच्ची के घर के पास ही है। वह कक्षा 8वीं में पढ़ती थी। घटना एमपी नगर की है। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का दावा है कि बच्ची को अंग्रेजी नहीं आती थी। वह कभी आत्महत्या नहीं कर सकती। उसकी हत्या की गई है।

छात्रा शुक्रवार सुबह 10.40 बजे घर से निकली। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। परिवार ने उसकी तलाश की। नहीं मिली तो एमपी नगर थाने पहुंचे। यहां गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। शाम 6.38 बजे छात्रा का शव मिला। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।

अज्ञात नंबरों से आ रहे थे फोन
छात्रा के परिवार का कहना है- पिछले कुछ दिनों से तीन अलग-अलग नंबर से फोन आए। फोन करने वाले ने पैसों की मांग की। पैसे नहीं देने पर बच्ची को नुकसान पहुंचाने की बात कही।

दोस्तों और स्कूल स्टाफ से पूछताछ
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान का कहना है- पुलिस छात्रा के दोस्तों से पूछताछ कर रही है। स्कूल के प्रिंसिपल और टीचर्स से भी पूछताछ की जाएगी। सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग का मिलान कराया जाएगा। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share