राजा रघुवंशी केस से जुड़े दोनों भाई गिरफ्तार: बिना लाइसेंस शराब परोसने का आरोप; BNS 223 के उल्लंघन में कार्रवाई

इंदौर। राजा रघुवंशी हत्याकांड से जुड़े परिवार के दोनों भाइयों विपिन रघुवंशी और सचिन रघुवंशी को राऊ पुलिस ने अवैध रूप से शराब परोसने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कैट रोड स्थित राजा भोज ढाबे पर दबिश देकर यह कार्रवाई की।
बिना वैध लाइसेंस शराब परोसने का आरोप
ढाबे में ग्राहकों को बिना वैध आबकारी लाइसेंस के शराब पिलाई जा रही थी। मौके पर जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मैनेजर सचिन रघुवंशी सहित संबंधित आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
कर्मचारियों की जानकारी थाने में जमा नहीं कराई
जांच में यह भी सामने आया कि ढाबे में कार्यरत कर्मचारियों की जानकारी स्थानीय थाने में जमा नहीं कराई गई थी। इस संबंध में ढाबा संचालक विपिन रघुवंशी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
धारा 223 BNS के उल्लंघन में केस
पुलिस ने बताया कि शासन के आदेशों का पालन नहीं करने और धारा 223 BNS के तहत जारी निर्देशों के उल्लंघन के मामले में वैधानिक कार्रवाई की गई है।
दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
राऊ पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।