| |

रीवा पॉलिटेक्निक कॉलेज में 16 करोड़ की सौगात: स्मार्ट क्लास और सेमिनार हॉल शुरू; छात्रावास और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन

रीवा। शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, रीवा में छात्रों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शनिवार को महाविद्यालय परिसर में 5 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित हाईटेक सेमिनार हॉल और स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उन्होंने करीब 11 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले बालक और बालिका छात्रावास तथा इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ समारोह आयोजित किया गया।

चार प्रमुख इंजीनियरिंग शाखाओं में हो रही पढ़ाई
महाविद्यालय में वर्तमान में सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग तथा कंप्यूटर हार्डवेयर एंड मेंटेनेंस की पढ़ाई संचालित हो रही है। इन शाखाओं में बड़ी संख्या में विद्यार्थी तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

छात्रों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्रों के लिए लगातार बेहतर शैक्षणिक और तकनीकी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसी क्रम में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस स्मार्ट क्लास और हाईटेक सेमिनार हॉल तैयार किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को डिजिटल और प्रायोगिक शिक्षा का बेहतर वातावरण मिलेगा।

AI और नए कोर्स शुरू करने की रखी मांग
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय प्रबंधन ने उप मुख्यमंत्री के समक्ष AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), बेसिक इलेक्ट्रिकल और मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट जैसे नए रोजगारोन्मुखी कोर्स शुरू करने की मांग रखी। इसके साथ अतिरिक्त क्लासरूम और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं बढ़ाने का प्रस्ताव भी दिया गया।

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने छात्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर सकारात्मक पहल करने और तकनीकी शिक्षा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

शिक्षा के साथ खेल सुविधाओं को भी मिलेगा बढ़ावा
नए छात्रावासों के निर्माण से दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा मिलेगी, वहीं इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने से छात्रों को खेल गतिविधियों के लिए आधुनिक मंच उपलब्ध होगा। इससे महाविद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेल और व्यक्तित्व विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

 

Share