| |

अलीराजपुर में दो माह पहले चोरी हुई बाइक गड्ढे से बरामद: पुलिस की सख्ती से घबराए चोर; गड्ढा खोद कर गाडी छुपाया

अलीराजपुर। भोपालिया गांव में दो माह पहले चोरी हुई बाइक पुलिस को एक सुनसान स्थान पर गड्ढे में दबी हुई मिली है। बरामद बाइक का नंबर MP11MK9147 है, जो राजेश राठौड़ के घर के पीछे से चोरी हुई थी।

पुलिस के अनुसार बाइक चोरी होने के बाद आरोपियों ने उसे पहले किसी सुरक्षित स्थान पर छिपाकर रखा था। हाल ही में पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई के बाद चोरों में डर फैल गया। इसके चलते उन्होंने बाइक को जमीन में गड्ढा खोदकर दबाने का प्रयास किया, ताकि पुलिस तक उसका सुराग न पहुंच सके।

दो दिन पहले हुई थी एक आरोपी की गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले पुलिस ने हीरो एचएफ डीलक्स बाइक जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी को जेल भेजे जाने के बाद क्षेत्र में सक्रिय अन्य चोरों में हड़कंप मच गया। माना जा रहा है कि इसी दबाव में उन्होंने पुरानी चोरी की बाइक को भी ठिकाने लगाने की कोशिश की।

जांच में जुटी पुलिस
गड्ढे से बाइक मिलने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे और बाइक को अब तक कहां छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

 

Share