UPSC में हर्ष सोलंकी की शानदार सफलता: गंधवानी नगर में जश्न का माहौल; परिवार और समाज ने जताया गर्व

धार। नगर के प्रतिभाशाली युवा हर्ष कुमार सोलंकी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में ऑल इंडिया 5वीं रैंक प्राप्त कर अपने परिवार, गंधवानी नगर, धार जिले और सम्पूर्ण सिर्वी समाज का नाम देशभर में गौरवान्वित किया है।
हर्ष कुमार, शंकरलाल सोलंकी के पुत्र हैं। उनकी इस शानदार सफलता की जानकारी मिलते ही नगर में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया। सिर्वी समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, मित्रों और नगरवासियों ने हर्ष और उनके परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
सामाजिक बंधुओं ने कहा कि गंधवानी का यह युवा आज देश की सर्वोच्च प्रतियोगी परीक्षा में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहा है। यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें कठिन परिश्रम के लिए प्रोत्साहित करेगी।
नगरवासियों ने जताया गर्व
नगरवासियों ने हर्ष कुमार सोलंकी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता से गंधवानी नगर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। परिवार के सदस्यों ने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया।