बड़वानी में डंपर के ब्रेक हुए फेल: दुकान में घुसा, उपसरपंच की बाइक दबी; कोई जनहानी नहीं

बड़वानी। ग्राम तलून में रेत से भरा एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी एक दुकान में घुस गया। डंपर उदयपुर से खरगोन की ओर जा रहा था।
इसी दौरान रास्ते में अचानक डंपर के ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डंपर दुकान में जा घुसा।
घटना सुबह 8 बजे की है। हादसा इतना जोरदार था कि दुकान के बाहर रखी ईंटों को भी भारी नुकसान पहुंचा और ईंटें टूट गईं। तलून खुर्द के उपसरपंच की मोटरसाइकिल भी डंपर के नीचे घुस गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
बड़ा हादसा टला
हादसे के वक्त आसपास कोई मौजूद नहीं था इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कोई घायल नहीं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर के अनियंत्रित होकर दुकान में घुसने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
उपसरपंच की मोटरसाइकिल डंपर के नीचे दबी
डंपर के दुकान में घुसने से दुकान के बाहर रखा निर्माण सामग्री का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। बाहर रखी ईंटें पूरी तरह टूट गईं। इसके अलावा उपसरपंच की मोटरसाइकिल डंपर के नीचे आने से उसे भी नुकसान पहुंचा है।