बड़वानी में छात्रों ने SBN कॉलेज का किया घेराव: धरने पर बैठे; ई-लर्निंग सेंटर और ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षा केंद्र की मांग पर अड़े

बड़वानी। गुरुवार को एसबीएन शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने बड़ा प्रदर्शन किया। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द ई-लर्निंग सेंटर और ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षा केंद्र की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। लगभग 600 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने पुराने कलेक्ट्रेट परिसर से पीजी कॉलेज तक विशाल रैली निकाली। इसके बाद उन्होंने कॉलेज में भी धरना दिया।
वर्षों से कर रहे मांग
सुबह करीब 11.30 बजे पुराने कलेक्ट्रेट परिसर में एक सभा आयोजित की गई, जहां विद्यार्थियों ने अपनी मांगें रखीं। उन्होंने बताया कि वर्षों की मांग के बावजूद बड़वानी के युवाओं को ऑनलाइन परीक्षा केंद्र की बुनियादी सुविधा नहीं मिल पाई है। इसके बाद रैली पुराना कलेक्ट्रेट, तिरछी बलिया, झंडा चौक, रंजीत चौक, एमजी रोड, मोटी माता और कारंजा चौक से होते हुए एसबीएन पीजी कॉलेज पहुंची। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने “ऑनलाइन परीक्षा केंद्र चालू करो” और “हमारा अधिकार हमें दो” जैसे नारे लगाए।

प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए जाना पड़ता है दूसरे शहर
विद्यार्थियों ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उन्हें इंदौर, धार, खंडवा जैसे अन्य शहरों में जाना पड़ता है। इससे उन्हें समय, धन और यात्रा संबंधी अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका तर्क है कि जिला मुख्यालय होने के बावजूद बड़वानी में ऑनलाइन परीक्षा केंद्र का न होना हजारों युवाओं के लिए असुविधाजनक है।

लोकार्पण के बाद भी नहीं हुई शुरुआत
अंशुमन धनगर ने बताया कि 2022 से ऑनलाइन सेंटर की मांग की गई थी। पूर्व मुख्यमंत्री ने इसका लोकार्पण भी किया था लेकिन अभी भी निमाड़ क्षेत्र के कई बच्चे बाहर जाकर ही एग्जाम दें रहे है। इसी वजह से आज सभी छात्र यह आंदोलन कर रहे है।