आलीराजपुर में जन विश्वास अभियान शिविर: 886 आवेदन पहुंचे; 831 का मौके पर निराकरण

आलीराजपुर। तहसील सोंडवा के ग्राम उमरठ में शुक्रवार को जन विश्वास अभियान के तहत शिविर लगाया गया। शिविर में कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान शामिल हुए। बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और शासन की योजनाओं की जानकारी ली। लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों को बताईं।
हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने की अपील
मंत्री नागर सिंह चौहान ने ग्रामीणों से हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने को कहा। उन्होंने बताया कि तिरंगा देश की एकता, सम्मान और गर्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि गांव के हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।

रोजगार और शिक्षा पर दिया जोर
मंत्री ने युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की बात कही। उन्होंने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने पर भी जोर दिया और कहा कि शिक्षा और आत्मनिर्भरता से ही गांव और क्षेत्र का विकास होगा।
स्वास्थ्य और योजनाओं की दी जानकारी
कलेक्टर नीतू माथुर ने लोगों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की। अधिकारियों ने अलग-अलग विभागों की योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की।
अलग-अलग विभागों से आए आवेदन- शिविर में कुल 886 आवेदन प्राप्त हुए। राजस्व विभाग : 284,पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग : 221,स्वास्थ्य विभाग : 241,महिला एवं बाल विकास विभाग : 100,पशु चिकित्सा विभाग : 4,अन्य विभाग : 41 आवेदन शामिल रहे।
831 आवेदनों का तुरंत निराकरण
मिले हुए आवेदनों में से 831 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। बाकी आवेदनों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। कई ग्रामीणों ने तुरंत समाधान मिलने पर खुशी जताई।