इंदौर में तस्करों ने DRI के अधिकारियों पर पत्थर से किया हमला: महाराष्ट्र से सोना लेकर आए थे; फिनिक्स मॉल के पास दे रहे थे डिलीवरी

इंदौर। इंदौर में DRI की टीम पर तस्करों ने हमला कर दिया। टीम के दो अधिकारी घायल हैं। आरोपी महाराष्ट्र से सोना लेकर इंदौर आए थे। गाड़ी संदिग्ध होने के कारण DRI ने पीछा किया।
फिनिक्स मॉल के पास वाहन को रोका गया। इस दौरान अधिकारियों और संदिग्धों के बीच विवाद हो गया। तस्करों ने DRI अधिकारियों के साथ बदसलूकी की। इसके बाद हमला कर दिया।
अधिकारियों ने स्थिति संभाली। तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गाड़ी की तलाशी ली गई। कार्रवाई में तीन किलो सोना बरामद किया गया है। मौके से महाराष्ट्र नंबर MH14ND7414 वाली गाड़ी भी जब्त की गई है।
एजेंसी कर रही नेटवर्क की तलाश
मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सोना महाराष्ट्र में कहां से लाया गया था। इसे इंदौर में किस व्यक्ति या नेटवर्क तक पहुंचाना था।
सोने के दस्तावेजों की भी जांच
अधिकारियों की टीम सोने से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और तस्करों के संपर्क की भी जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि सोना लाने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। क्या इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क काम कर रहा है।
बड़ा तस्करी नेटवर्क होने की आशंका
मामले में DRI की जांच जारी है। पूछताछ के बाद सोना तस्करी के पूरे नेटवर्क को लेकर बड़ा खुलासे होने की संभावना है। पूछताछ के आधार पर सोने की सप्लाई चेन तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।