|

IRC ट्रॉफी ओपन मिनी और सब-जूनियर बैडमिंटन स्पर्धा आज से: पहली बार 500 से ज्यादा खिलाड़ी; 75 हजार नकद पुरस्कार

इंदौर। इंदौर जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में आईआरसी ट्रॉफी ओपन मिनी एवं सब-जूनियर इंदौर जिला रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता स्पोर्ट्सविज़ बैडमिंटन एकेडमी, रेसीडेंसी क्लब में 15 अगस्त से प्रारंभ हो रही है। इस तीन दिवसीय स्पर्धा में पहली बार 500 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

इंदौर जिला बैडमिंटन संघ के सचिव आर.पी. सिंह नैयर एवं आयोजन सचिव पराग गुप्ता ने बताया कि इस प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13 एवं अंडर-15 वर्ष एकल वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। पहली बार 500 से अधिक एंट्री आई हैं।

विजेताओं को नकद पुरस्कार और ट्रॉफियां मिलेंगी
स्पोर्ट्सविज़ बैडमिंटन एकेडमी के प्रबंध निदेशक एवं एनआईएस कोच श्वेतांग वर्मा ने बताया कि पहली बार इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सभी स्पर्धाओं के विजेता, उप-विजेता एवं सेमीफाइनल में हारने वाले खिलाड़ियों को कुल 75,000 रुपए नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी। साथ ही स्पर्धा में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।

राज्य चैंपियनशिप के लिए टीम चयन का आधार बनेगी स्पर्धा
इस प्रतियोगिता में पूर्व राज्य खिलाड़ी मनीष त्रिवेदी रैफरी और कोच राज ठाकुर मैच कंट्रोलर की भूमिका निभाएंगे। यह सीजन की तीसरी रैंकिंग प्रतियोगिता है। इसी प्रतियोगिता और जिला चैंपियनशिप के प्रदर्शन के आधार पर मिनी एवं सब-जूनियर राज्य बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए इंदौर जिले की मिनी एवं सब-जूनियर टीम का चयन किया जाएगा।

Share