इंदौर में 25वीं मप्र यूथ अंडर-18 एथलेटिक्स चैंपियनशिप: कल एमराल्ड में होंगे मुकाबले; प्रदेश भर के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

इंदौर। इंदौर कॉर्पोरेशन एरिया एथलेटिक्स एसोसिएशन एवं द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर के तत्वावधान में 16 अगस्त को 25वीं मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय यूथ अंडर-18 बालक एवं बालिका एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। स्पर्धा के मुकाबले एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में होंगे।
मध्य प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश भर से अंडर-18 आयु वर्ग के प्रतिभाशाली बालक एवं बालिका एथलीट हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। प्रतियोगिता एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के मैनुअल एवं आई.ए.ए.एफ के नियमों के अनुसार आयोजित की जाएगी। स्पर्धा में हिस्सा लेने के लिए एनआईएस कोच राजेंद्र वर्मा और विनोद कुमावत से मल्हार आश्रम संपर्क किया जा सकता है।
राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए चुने जाएंगे खिलाड़ी
इंदौर कॉर्पोरेशन एरिया एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव एनआईएस कोच राजेंद्र वर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का विशेष महत्व इसलिए भी है कि एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) द्वारा निर्धारित क्वालिफाइंग स्टैंडर्ड हासिल करने वाले खिलाड़ियों को लुधियाना में होने वाली आगामी अंडर-18 यूथ राष्ट्रीय चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। यह प्रतियोगिता प्रदेश के युवा एथलीटों के लिए राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। राष्ट्रीय स्पर्धा 1 से 3 सितंबर तक आयोजित होगी।