उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर महाराष्ट्र में तीन दिन राजकीय शोक

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में तीन दिन राजकीय शोक और एक दिन का राज्य अवकाश घोषित किया। मुख्यमंत्री ने शोक संदेश में कहा कि अजीत पवार एक दमदार और दिलदार नेता थे, जिन्होंने संघर्ष के बाद महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि आज का दिन महाराष्ट्र के लिए अत्यंत कठिन है। ऐसे नेतृत्व को तैयार होने में लंबा समय लगता है और उनके निधन से राज्य में गहरा शोक फैल गया है। अजीत पवार जमीन से जुड़े लोकनेता थे और उन्हें महाराष्ट्र की समस्याओं का पूर्ण ज्ञान था। किसी भी कठिन परिस्थिति का सामना बिना डगमगाए करने की उनकी क्षमता उन्हें विशेष बनाती थी।
उन्होंने कहा कि अजीत पवार का निधन महाराष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसे भर पाना मुश्किल होगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने अजीत पवार के बेटे पार्थ पवार और सांसद सुप्रिया सुले से संपर्क किया है। अजीत पवार के अंतिम संस्कार का निर्णय पवार परिवार की तरफ से लिया जाएगा और मीडिया को सूचित किया जाएगा।






