| |

धार में नाले किनारे ड्रम और टायर ट्यूब में छिपाया था 650 किलो लहान: पुलिस ने छापा मारकर किया नष्ट; आरोपी फरार

धार। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार को मनावर थाना क्षेत्र की सिंघाना चौकी पुलिस ने ग्राम सिरसी में दबिश देकर अवैध कच्ची महुआ शराब बनाने की भट्टी का खुलासा किया। पुलिस ने मौके से 65 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए। वहीं, नाले के किनारे छिपाकर रखा गया करीब 650 किलो महुआ लहान मौके पर ही नष्ट किया गया।

टपरी की आड़ में बन रहे कच्ची शराब 
पुलिस के अनुसार चौकी प्रभारी सिंघाना को सूचना मिली थी कि ग्राम सिरसी निवासी सुनील पिता सिकदार डावर घर के पास बनी टपरी की आड़ में हाथ भट्टी लगाकर कच्ची महुआ शराब बना रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी।

पुलिस को अपनी ओर आता देखकर आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन आसपास केले की घनी फसल और नाले का फायदा उठाकर आरोपी फरार होने में सफल रहा।

नाले किनारे जमीन में छिपाया था 650 किलो लहान
मौके की तलाशी लेने पर पुलिस को बड़े पैमाने पर शराब बनाने की सामग्री मिली। नाले के किनारे जमीन में छिपाकर रखे 70 और 200 लीटर क्षमता के ड्रम तथा टायर की ट्यूब में करीब 650 किलो महुआ लहान भरा मिला।

पुलिस के मुताबिक जब्त लहान की कीमत करीब 52 हजार रुपए है। इसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा 65 लीटर कच्ची महुआ शराब और भट्टी निर्माण की सामग्री जब्त की गई।

आबकारी अधिनियम के तहत केस, आरोपी की तलाश
पुलिस ने फरार आरोपी सुनील के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी मनावर ब्रजेश कुमार मालवीय के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में मनावर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, सिंघाना चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अनुप बघेल सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।

Share