अब निशातपुरा स्टेशन पर रुकेंगी मालवा और सोमनाथ एक्सप्रेस: भोपाल रेलवे स्टेशन का लोड कम होगा; CM आज करेंगे लोकार्पण
भोपाल। मालवा एक्सप्रेस और वेरावल-जबलपुर सोमनाथ एक्सप्रेस अब भोपाल रेलवे स्टेशन की बजाय निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर रुकेंगी। इसके साथ ही निशातपुरा स्टेशन पर नियमित यात्री सेवाओं की शुरुआत भी हो गई है। तीन साल पहले तैयार हुए इस स्टेशन का सोमवार शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लोकार्पण करेंगे।
सीएम शाम 5 बजे विशेष कार्यक्रम में दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी करेंगे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, मंत्री विश्वास सारंग, सांसद आलोक शर्मा, पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप सिंह, भोपाल मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी सहित कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहेंगे।
भोपाल का चौथा रेलवे स्टेशन बना निशातपुरा
जून 2023 में बनकर तैयार हुए निशातपुरा स्टेशन पर सभी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद अब तक यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया था। लोकार्पण के साथ यह भोपाल का चौथा रेलवे स्टेशन बन गया है।
भोपाल रेल मंडल के अनुसार शुरुआती चरण में मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव निशातपुरा स्टेशन पर रहेगा। इसके बाद इन ट्रेनों का भोपाल रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज समाप्त कर दिया जाएगा।
रेलवे ने पहले से टिकट बुक करा चुके यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दिन निशातपुरा रेलवे स्टेशन पहुंचकर ही ट्रेन में सवार हों। स्टेशन परिवर्तन का ध्यान नहीं रखने पर यात्रियों को असुविधा हो सकती है।
वैष्णो देवी और अमरनाथ यात्रियों की बढ़ी चिंता
मालवा एक्सप्रेस मध्य प्रदेश से माता वैष्णो देवी और अमरनाथ यात्रा के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की प्रमुख ट्रेन मानी जाती है। भोपाल और आसपास के क्षेत्रों से हर साल बड़ी संख्या में यात्री इसी ट्रेन से यात्रा करते हैं।
श्रद्धालुओं का कहना है कि निशातपुरा स्टेशन तक पहुंचने में अब अधिक समय और अतिरिक्त खर्च लगेगा। उन्हें ऑटो और अन्य सार्वजनिक परिवहन के लिए पहले की तुलना में ज्यादा किराया देना पड़ सकता है।
जाम बनेगा चुनौती
निशातपुरा स्टेशन तक पहुंचने वाला मार्ग नादरा बस स्टैंड, छोला रोड और अन्य व्यस्त इलाकों से होकर गुजरता है। स्थानीय लोगों के अनुसार इन मार्गों पर पहले से भारी ट्रैफिक रहता है। ऐसे में समय पर स्टेशन पहुंचना यात्रियों के लिए चुनौती बन सकता है।
रेलवे को होगा फायदा
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक भोपाल रेलवे स्टेशन पर रोजाना करीब 230 ट्रेनें गुजरती हैं और लगभग 45 हजार यात्री प्रतिदिन यहां से यात्रा करते हैं। कुछ ट्रेनों को भोपाल लाने के लिए इंजन बदलना पड़ता है, जिससे करीब 45 मिनट का अतिरिक्त समय लगता है और मुख्य लाइनें व्यस्त हो जाती हैं।
निशातपुरा स्टेशन शुरू होने से इंजन बदलने की प्रक्रिया आसान होगी और भोपाल स्टेशन पर दबाव कम होगा। अधिकारियों का मानना है कि इससे भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन की संभावना भी बढ़ेगी।
स्टेशन पर सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध
वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन पूरी तरह तैयार है और यात्रियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। स्टेशन पर लिफ्ट, ओवरशेड, फुट ओवर ब्रिज (FOB), कोच गाइडेंस सिस्टम, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।
रेलवे ने निशातपुरा स्टेशन को NSG-3 कैटेगरी में शामिल किया है। रेलवे का कहना है कि यह कदम स्थानीय यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके शुरू होने से भोपाल के उत्तर और पूर्वी क्षेत्रों में रहने वाले हजारों यात्रियों को सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।