|

सागर में 36 मौतों के बाद भी रीवा में ठेलों-गुमटियों से शराब बिक्री: डुप्लीकेट-मिलावटी शराब की आशंका; कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश

रीवा। सागर में जहरीली शराब से 36 लोगों की मौत के बाद भी रीवा में अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें सामने आ रही हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक ठेलों और गुमटियों से शराब बेचे जाने के वीडियो सामने आए हैं। इन वीडियो के सामने आने के बाद आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। कुछ मामलों में शराब के डुप्लीकेट या मिलावटी होने की आशंका भी जताई गई है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

चोरहटा, मैदानी और करहिया में शिकायतें
रीवा शहर के चोरहटा, मैदानी और करहिया क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब बिक्री की शिकायतें सामने आई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मनगवां, सिरमौर, सोहागी, बैकुंठपुर, रायपुर करचुलियान और नौबस्ता समेत कई इलाकों में भी ठेलों और गुमटियों से शराब बेचे जाने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ स्थानों पर बिना अधिकृत व्यवस्था के शराब बिक्री की जा रही है।

वीडियो में ठेलों पर शराब बेचते दिखे लोग
सामने आए वीडियो में कुछ स्थानों पर छोटी गुमटियों और ठेलों में शराब की बोतलें रखकर बिक्री करते लोग नजर आ रहे हैं। बोतलों और उनकी पैकिंग को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि शराब के डुप्लीकेट या मिलावटी होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसके लिए शराब के नमूने लेकर जांच कराना जरूरी होगा।

सामाजिक कार्यकर्ता ने उठाए निगरानी पर सवाल
सामाजिक कार्यकर्ता शिवानंद द्विवेदी ने कहा कि सागर की घटना के बाद भी रीवा में अवैध और संदिग्ध शराब की बिक्री की शिकायतें सामने आना गंभीर विषय है। उनका कहना है कि ठेलों और गुमटियों से शराब बिक्री के वीडियो सामने आने के बाद आबकारी विभाग को केवल संबंधित ठिकानों पर कार्रवाई तक सीमित न रहकर शराब की सप्लाई के पूरे नेटवर्क की जांच करनी चाहिए। साथ ही संदिग्ध शराब के तत्काल नमूने लेकर जांच कराने की मांग की गई है।

कलेक्टर बोले- वीडियो और शिकायतों की जांच होगी
जिला कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि अवैध शराब बिक्री की शिकायतों और सामने आए वीडियो की जांच कराई जाएगी। जिन स्थानों पर बिना अनुमति शराब बेचने या डुप्लीकेट अथवा मिलावटी शराब की शिकायत है, वहां टीम भेजकर कार्रवाई की जाएगी। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शराब पहुंचाने वाले नेटवर्क की भी जांच का सवाल
वीडियो सामने आने के बाद अब यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि इन स्थानों पर बिना अनुमति शराब बिक रही है तो वहां तक शराब पहुंचाने वाला नेटवर्क कौन सा है। फिलहाल प्रशासन ने जांच और कार्रवाई की बात कही है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और अवैध बिक्री के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।

Share