होलकर स्टेडियम में मैच को लेकर प्रशासन की बैठक: एक घंटे से ज्यादा चली चर्चा; पार्किंग से लेकर सुरक्षा तक बनी रणनीति

इंदौर। होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले मुकाबले के सफल आयोजन के लिए मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) की आयोजन समिति के सदस्यों ने मंगलवार को पुलिस, प्रशासन और नगर निगम सहित प्रमुख विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, मेडिकल सहित अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई। होलकर स्टेडियम में एक घंटे से भी ज्यादा चली बैठक में एमपीसीए आयोजन समिति के सदस्यों के साथ प्रशासन के आला अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
महाआर्यमन सिंधिया ने वर्चुअली की अध्यक्षता
बैठक की अध्यक्षता एमपीसीए अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया ने वर्चुअली की। बैठक में कलेक्टर, रेवेन्यू कमिश्नर, महापौर और नगर निगम की ओर से उनके प्रतिनिधि के रूप में नोडल अधिकारी ने हिस्सा लिया। पुलिस और प्रशासन की ओर से मनीष भारद्वाज आईपीएस मौजूद रहे। आयोजन समिति ने अधिकारियों को मैच से संबंधित जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने टीमों के आने, उनके ठहरने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजन समिति से जानकारी हासिल की।
पहले की तरह ही रहेगी पार्किंग व्यवस्था
पार्किंग को लेकर भी चर्चा हुई। तय हुआ कि पार्किंग पिछली व्यवस्था की तरह ही रहेगी। बैठक में विवेकानंद स्कूल की पार्किंग को लेकर भी चर्चा हुई। नगर निगम के प्रतिनिधि ने कहा कि इसे और बेहतर किया जाएगा। पूर्व की तरह बाल विनय मंदिर, जीएसआईटीएस और पंचम की फेल में भी पार्किंग स्थल रहेंगे।
दर्शकों को निशुल्क मिलेगा पीने का पानी
आयोजन समिति ने बैठक में अधिकारियों को बताया कि दर्शकों के लिए पीने का पानी एमपीसीए की ओर से निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। टीमों के आने और उनकी सुरक्षा व्यवस्था के बारे में भी अधिकारियों को जानकारी दी गई।
निर्धारित स्थान पर ही होगी पार्किंग
वीआईपी पार्किंग को लेकर भी चर्चा हुई। सभी की सहमति रही कि स्टेडियम के अंदर ज्यादा गाड़ियां पार्क न हों और निर्धारित स्थान पर ही पार्किंग की जाए। मैच के दौरान नवरात्रि पर्व होने की वजह से अभय प्रशाल के आसपास यातायात व्यवस्था सुगम बनाने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा फूड स्टॉल, मेडिकल व्यवस्था, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की उपलब्धता पर भी बैठक में चर्चा की गई।
ये अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद रहे
बैठक में आईडीसीए के चेयरमैन आकाश विजयवर्गीय, विनोद कुमार दीक्षित एसीपी, घनश्याम धनगढ़ एसडीएम, नवजीवन पंवार एडीशनल कलेक्टर, शिवानी वर्मा ज्वाइंट कमिश्नर, गरिमा पाटीदार डिप्टी कमिश्नर, महेंद्र सिंह राठौर एआरआई, एमपीसीए के सचिव सुधीर असनानी, कोषाध्यक्ष संजीव दुआ, सह सचिव अरुंधति किरकिरे, एमपीसीए के पूर्व सचिव संजीव राव, संजय जगदाले, दिलीप चुडगर, रोहित पंडित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक के अंत में संजीव दुआ ने सभी का आभार माना।