धार में नगर पालिका की 12 दुकानें होंगी नीलाम: 8 अनारक्षित, 4 आरक्षित वर्ग के लिए; विकास कार्यों में खर्च होगी राशि

धार। नगर पालिका ने अपनी आय बढ़ाने और शहर में विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त राजस्व जुटाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत शहर की अलग-अलग प्राइम लोकेशन पर तैयार 12 दुकानों की नीलामी की जाएगी। नगर पालिका को नीलामी से करीब डेढ़ से 2 करोड़ रुपए राजस्व मिलने की उम्मीद है। प्राप्त राशि को शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में खर्च करने की योजना है।
3 स्थानों पर तैयार हुईं 12 दुकानें
नगर पालिका के अनुसार अस्पताल चौराहा स्थित बालाजी मंदिर के समीप 8 दुकानें तैयार हो चुकी हैं। यहां कुछ छोटे काम बाकी हैं, जिन्हें जल्द पूरा कराने के निर्देश संबंधित ठेकेदार को दिए गए हैं।
इसके अलावा लालबाग मार्केट में 1 दुकान और कुशाभाऊ ठाकरे कॉम्प्लेक्स में 3 दुकानें नीलामी में शामिल की जाएंगी। इस तरह कुल 12 दुकानों की नीलामी होगी।
8 दुकानें अनारक्षित, 4 आरक्षित वर्ग के लिए
नगर पालिका कर्मचारियों के अनुसार नीलामी में आरक्षण का भी ध्यान रखा गया है। कुल 12 दुकानों में से 8 दुकानें अनारक्षित वर्ग, 2 दुकानें अनुसूचित जाति, 1 दुकान अन्य पिछड़ा वर्ग और 1 दुकान अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए रखी गई है।
नपा की आय बढ़ेगी, विकास कार्यों में खर्च होगी राशि
नगर पालिका का मानना है कि दुकानों की नीलामी से एकमुश्त राजस्व मिलने के साथ भविष्य में भी व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। नीलामी से प्राप्त राशि का उपयोग शहर के विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में करने की योजना है।
छोटे व्यापारियों को भी मौका
नपा के अनुसार नीलामी प्रक्रिया में छोटे व्यापारियों को भी शामिल होने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर कारोबार शुरू करने या अपने मौजूदा व्यापार का विस्तार करने वाले लोगों को दुकान प्राप्त करने का मौका मिल सकेगा।
सीएमओ वीके सिंह ने बताया कि 12 दुकानों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और इनकी नीलामी की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारी भी नीलामी में शामिल होकर दुकान लेकर अपना कारोबार शुरू या विस्तार कर सकते हैं।