झाबुआ में युवती के पेट से निकली 4.5 किलो की गठान: 37×28 सेमी का नियोप्लास्टिक लेजन; सफल ऑपरेशन

झाबुआ। जिला चिकित्सालय झाबुआ में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जटिल ऑपरेशन करते हुए 19 वर्षीय युवती के पेट से करीब 4.5 किलोग्राम वजन की विशाल गठान निकाली। करीब 37×28 सेंटीमीटर आकार की यह गठान बाएं अंडाशय में पाई गई थी। ऑपरेशन के बाद युवती की स्थिति में लगातार सुधार है और फिलहाल वह स्वस्थ है तथा चिकित्सकीय निगरानी में है।
6 महीने से पेट में सूजन और दर्द की शिकायत
19 वर्षीय अनिला पिछले करीब 6 महीने से पेट में सूजन और दर्द की समस्या से परेशान थी। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय झाबुआ पहुंचने पर कैंसर सर्जन एवं विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. देवेंद्र भायल ने उसकी जांच की। अल्ट्रासाउंड जांच में बाएं अंडाशय में करीब 37×28 सेंटीमीटर आकार का नियोप्लास्टिक लेजन पाया गया। मरीज की कम उम्र और गठान के अत्यधिक बड़े आकार को देखते हुए चिकित्सकों ने आवश्यक जांच और प्री-ऑपरेटिव तैयारियां पूरी कर ऑपरेशन की योजना बनाई।
4.5 किलो की गठान सफलतापूर्वक निकाली
जिला चिकित्सालय झाबुआ में ही युवती का सफल ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के दौरान करीब 4.5 किलोग्राम वजन की विशाल गठान को निकाला गया। यह जटिल ऑपरेशन कैंसर सर्जन डॉ. देवेंद्र भायल के नेतृत्व में एनेस्थेटिस्ट डॉ. सावन चौहान, डॉ. राहुल धाकड़ और नर्सिंग ऑफिसर अनिल मोरे की टीम ने किया। ऑपरेशन के बाद चिकित्सकीय टीम द्वारा मरीज की नियमित निगरानी की जा रही है।
जिला चिकित्सालय में कैंसर सर्जरी और कीमोथेरेपी की सुविधा
जिला चिकित्सालय झाबुआ में कैंसर मरीजों के उपचार के लिए कैंसर सर्जरी और कीमोथेरेपी सहित आवश्यक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस वर्ष अब तक 125 से अधिक कैंसर मरीजों का जिला चिकित्सालय में उपचार किया जा चुका है।
जिला स्तर पर कैंसर उपचार की सुविधाएं उपलब्ध होने से जिले के मरीजों को इलाज के लिए दूरस्थ बड़े शहरों पर निर्भरता कम करने में सहायता मिल रही है। विशेषज्ञ चिकित्सकों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की टीम मरीजों की स्थिति एवं चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार कैंसर सर्जरी, कीमोथेरेपी और अन्य आवश्यक उपचार सेवाएं प्रदान कर रही है।
स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ उपचार की सुविधा
19 वर्षीय युवती का सफल ऑपरेशन जिला चिकित्सालय में उपलब्ध विशेषज्ञ कैंसर सर्जरी, एनेस्थीसिया और नर्सिंग सेवाओं का उदाहरण है। जिले में गंभीर और जटिल रोगों से संबंधित मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।