| |

धरमपुरी में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन: प्याज 80 रुपए किलो होने का दावा;बोलें- E-20 पेट्रोल से गाड़ियां खराब हो रही

धरमपुरी। बढ़ती महंगाई और कुशासन के खिलाफ धरमपुरी में ब्लॉक कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन प्रदेश और जिला कांग्रेस के निर्देश पर किया गया। प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में सरकार विरोधी तख्तियां ले रखी थीं। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।कांग्रेस नेताओं ने महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि प्याज के दाम 70 से 80 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं। इससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कांग्रेस नेताओं ने बिजली के बढ़ते बिलों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत भी आम लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही है।

E-20 ईंधन को लेकर भी सवाल उठाए
कांग्रेस नेताओं ने E-20 ईंधन को लेकर भी अपनी बात रखी। उनका आरोप है कि इसके इस्तेमाल से वाहनों में तकनीकी खराबियां आ रही हैं। कांग्रेस ने इस मामले में भी सरकार से जवाब मांगा। खाद के लिए परेशान हो रहे किसानों का आरोपकांग्रेस नेताओं ने किसानों की समस्याओं को भी उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही है। स्लॉट बुकिंग के नाम पर किसानों को परेशान किया जा रहा है। इससे किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्राम पंचायत स्तर तक आंदोलन ले जाने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई के कारण आम आदमी की खरीदने की क्षमता कम हो गई है। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर जल्द महंगाई पर रोक नहीं लगाई गई, तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। पार्टी ने कहा कि आंदोलन को ग्राम पंचायत स्तर तक ले जाया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सरकार की नीतियों और समस्याओं को जनता के सामने रखेंगे।

Share