कासलीवाल फुटबॉल: सेंट रैफल्स ने गर्ल्स और डेली कॉलेज-ए ने बॉयज ट्रॉफी जीती

इंदौर। डेली कॉलेज में आयोजित 40वीं बॉयज़ एवं 5वीं गर्ल्स कासलीवाल आमंत्रण अंतरविद्यालयीन फुटबॉल प्रतियोगिता में सेंट रैफल्स और डेली कॉलेज ए ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
सेंट रैफल्स ने जीती गर्ल्स कासलीवाल ट्रॉफी
बालिका वर्ग के फाइनल में सेंट रैफल्स हायर सेकंडरी स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चोइथराम स्कूल नॉर्थ कैंपस को पराजित कर 5वीं गर्ल्स कासलीवाल ट्रॉफी अपने नाम की। चोइथराम स्कूल नॉर्थ कैंपस उपविजेता रहा, जबकि डेली कॉलेज-ए ने तीसरा स्थान हासिल किया।
फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए सेंट राफेल्स की रिशिका रावत को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं डेली कॉलेज-ए और दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के बीच खेले गए तीसरे स्थान के मुकाबले में डेली कॉलेज-ए की प्रियंवदा सिंह बघेल को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
डेली कॉलेज-ए ने जीती कासलीवाल ट्रॉफी
बालक वर्ग के फाइनल में डेली कॉलेज-ए ने माउंट इंडेक्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर को पराजित कर 40वीं बॉयज़ कासलीवाल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। माउंट इंडेक्स इंटरनेशनल उपविजेता रहा, जबकि केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले डेली कॉलेज-ए के आरुष सोनी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
खिलाड़ियों को मिले पदक और ट्रॉफियां
समापन समारोह में दोनों वर्गों की विजेता, उपविजेता एवं तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को प्रमाण-पत्र, पदक और ट्रॉफियाँ प्रदान की गईं। व्यक्तिगत श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण और समापन ओल्ड डेलियन एवं उद्योगपति रौनक डी. कासलीवाल के आतिथ्य में हुआ। डेली कॉलेज की प्राचार्या डॉक्टर गुनमीत बिंद्रा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।