अनिरुद्ध की वेदांश पर संघर्षपूर्ण जीत: आईआरसी ट्रॉफी बैडमिंटन स्पर्धा का संभागायुक्त ने किया शुभारंभ

इंदौर। अनिरुद्ध धवन ने तीन गेमों तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में वेदांश धवन को 15-10, 10-15 और 15-10 से पराजित कर इंदौर जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में रेसीडेंसी क्लब में खेली जा रही आईआरसी ट्रॉफी ओपन मिनी एवं सब-जूनियर इंदौर जिला रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता के बालक अंडर-13 एकल वर्ग के अगले दौर में जगह बनाई। आरुष पटवा और अनय यादव ने भी प्रारंभिक मुकाबलों में जीत दर्ज कर एकल वर्ग के दूसरे दौर में प्रवेश किया। स्पर्धा के पहले दिन 128 मुकाबले हुए।
संभागायुक्त ने किया स्पर्धा का शुभारंभ
स्पर्धा का शुभारंभ भास्कर लक्शकर, संभागायुक्त इंदौर के आतिथ्य में रेसीडेंसी क्लब में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता रवि कुमार ऐरन ने की। इस अवसर पर इंदौर जिला बैडमिंटन संघ के सचिव आर.पी. सिंह, नैयर स्पोर्ट्सविज़ एमडी एवं एनआईएस कोच श्वेतांक वर्मा, आयोजन सचिव पराग गुप्ता, रेसीडेंसी क्लब मैनेजर शेखर तिवारी, कमलप्रीत कौर नैयर, मनीष त्रिवेदी और सुधांशु व्यास उपस्थित थे।
अंडर-13 में यथार्थ, इराज और दिव्यांश जीते
रेसीडेंसी क्लब में खेली जा रही स्पर्धा के पहले दिन बालक अंडर-13 एकल के प्रारंभिक मुकाबलों में यथार्थ सूर्य ने कबीर मोदक को 17-15, 15-8 से, इराज बंग ने अव्यान खरे को 15-5, 15-6 से, दिव्यांश पटेल ने अरेकेथ गोयल को 16-14, 15-13 से, मोहित इजर्दार ने ध्वज पाठक को 15-5, 15-2 से तथा कुशाग्र अहिरवार ने अबीर चौधरी को 17-15, 15-3 से पराजित कर दूसरे दौर में जगह बनाई।
गर्वित गुप्ता, विरक्त जैन, अनय यादव, रक्षित यादव, समर्थ धनोतिया, सार्थक गुप्ता, प्रणव अग्रवाल, स्वस्तिक करवाड़े, आयुष्मान सिंह, देवेंद्र यादव और मानविक कटारिया ने भी प्रारंभिक दौर के मुकाबले जीते। प्रयाग पाटीदार, प्रवीर मुजुमदार, अभिवर्धन जैन, आर्यम सिंह, शिवेंदर सिन्हा और जीवांश सिंह को वॉकओवर मिला।
अरिंजय ने पहला गेम हारने के बाद की वापसी
बालक अंडर-15 एकल के प्रथम दौर में अरिंजय कृष्णा ने पहला गेम हारने के बाद वापसी करते हुए अन्वित गुप्ता को 8-15, 15-10, 15-13 से पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई। अन्य मुकाबलों में आरुष पटवा ने जिनेंद्र गुर्जर को 15-7, 15-7 से तथा हर्ष बाधे ने शिवाय जायसवाल को 15-5, 15-6 से पराजित किया।
अनय यादव, साव्या त्रिबेरवाल, हुवांश नारमदेव, शाश्वत त्रिपाठी, तनिष्क अहूजा, अथर्व पटेल, हार्दिक शर्मा, ध्रुव नायक, आतिफ असलम, शारव मूंदड़ा और अर्नव गौर ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई।
बालिका अंडर-15 में अनाया और आनवी ने दर्ज की जीत
बालिका अंडर-15 एकल वर्ग के प्रारंभिक मुकाबलों में अनाया बंठिया ने नविका गोयल को 15-12, 17-15 से, आनवी तिवारी ने रबानी कौर को 15-7, 15-3 से तथा इश्मान सलूजा ने पारिधि भाभड़ को 15-6, 15-6 से पराजित किया। अन्य मुकाबलों में ओमिशा मेहता, निया तेहलानी, आराध्या नेमा, जया यादव, वृतिका राज, आरिशा जायसवाल और गिरिजा जाधव ने जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया।