| | |

भोपाल में युवा संवाद: CM बोले- युवा नवाचार और विकास की राह पर बढ़ें; प्रकृति-केंद्रित जीवनशैली अपनाने का संकल्प

भोपाल । मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी परिसर में ‘मां के नाम एक अभियान’ के तहत ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से नवाचार और विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रकृति-केंद्रित जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी दिलाया गया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, मध्यप्रदेश युवा आयोग के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, नर्मदा मिशन की राष्ट्रीय संयोजक डॉ. प्रिया भावे चित्तावरे और एमपीपीयूआरसी अध्यक्ष डॉ. खेम सिंह डहेरिया सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम पूज्य संत अवधूत श्री दादागुरु भगवान के सानिध्य में आयोजित हुआ।

CM बोले- स्वाध्याय और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाएं
मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि उन्हें नवाचार और विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने स्वाध्याय और अनुशासन को जीवन का अहम हिस्सा बताते हुए युवाओं को लगातार सीखने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम का प्रमुख संदेश ‘प्रकृति से प्रगति की ओर, संस्कृति से समृद्धि की ओर’ रहा।

संत ने नैतिकता और राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश
अवधूत श्री दादागुरु भगवान ने युवाओं को सही दिशा, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रप्रेम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी युवाओं से प्रकृति और संस्कृति से जुड़ने की अपील की।

यूनिवर्सिटी ने कहा- युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे
मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी के प्रति कुलाधिपति इंजीनियर गौरव तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने बीते कुछ वर्षों में विकास की गति पकड़ी है और आने वाले समय में प्रदेश के किसी भी युवा को बेरोजगार नहीं रहना पड़ेगा।

विद्यार्थियों ने अतिथियों से किए सवाल
कार्यक्रम में इंटरैक्टिव सेशन भी हुआ। इसमें विद्यार्थियों ने संतों और अतिथियों से सीधे बातचीत की और अलग-अलग विषयों पर सवाल पूछे। इस दौरान विशिष्ट अतिथियों को कलाकार राज सैनी द्वारा तैयार किए गए स्मृति चिन्ह और स्केच पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समापन छात्रा योगिता राय के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी शामिल हुए। युवाओं ने प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण के साथ नवाचार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।

Share