| |

भोपाल में सेलिंग प्रतियोगिता का समापन: 12 क्लबों के 87 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा; नेशनल सेलिंग स्कूल रहा पहले स्थान पर

भोपाल । भोपाल में आयोजित सेलिंग प्रतियोगिता का समापन समारोह हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार सेलिंग प्रतियोगिता देखी है। देश के अलग-अलग हिस्सों से खिलाड़ियों का भोपाल आना मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रतियोगिता के जरिए खिलाड़ियों की प्रतिभा और उत्साह को मंच मिला है। प्रतियोगिता में देशभर के 12 क्लबों से 87 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सभी खिलाड़ियों ने कुल 110 रेस में अपना प्रदर्शन किया।

नेशनल सेलिंग स्कूल भोपाल पहले स्थान पर
प्रतियोगिता में नेशनल सेलिंग स्कूल भोपाल ने पहला स्थान हासिल किया। नेवी यूथ स्पोर्ट्स क्लब गोवा दूसरे और सिकंदराबाद की टीम तीसरे स्थान पर रही। मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

अटल बिहारी वाजपेयी को किया याद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी याद किया। उन्होंने उनके जीवन और संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश खेलों के क्षेत्र में लगातार अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। प्रदेश अब देश में खेलों के मामले में तीसरे स्थान तक पहुंच गया है।

230 विधानसभा क्षेत्रों में स्टेडियम बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने मध्यप्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक स्टेडियम विकसित करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश को कॉमनवेल्थ की मेजबानी मिली है और सरकार की कोशिश है कि वर्ष 2036 में होने वाले ओलंपिक की मेजबानी भी प्रदेश को मिले।

18 खेलों के लिए 11 अकादमियां
डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में 18 अलग-अलग खेलों के लिए 11 खेल अकादमियां संचालित की जा रही हैं। सरकार का लक्ष्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि प्रदेश की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

Share