दिवीना धूपर ने गौरी शर्मा को 8-0 से हराया : हरिसंस जूनियर टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

इंदौर। मध्य प्रदेश की दिवीना धूपर ने अपने ही प्रदेश की गौरी शर्मा को एकतरफा मुकाबले में 8-0 से पराजित कर मध्य प्रदेश टेनिस संघ द्वारा आयोजित हरिसंस डेवलपर्स प्रा. लि. अखिल भारतीय चैम्पियनशिप सीरीज जूनियर टेनिस टूर्नामेंट के बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। ऐशवी जैन ने भी अंतिम आठ में जगह बनाई। मप्र के अदविक गोयल ने बालक वर्ग से अंतिम आठ में प्रवेश किया।
बालिका वर्ग में दिवीना और ऐशवी का शानदार प्रदर्शन
इंदौर टेनिस क्लब में खेली जा रही स्पर्धा के बालिका 12 वर्ष आयु वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में दिवीना धूपर ने गौरी शर्मा को एक भी गेम नहीं जीतने दिया और 8-0 से आसान जीत के साथ अंतिम आठ में जगह बनाई। मप्र की ही ऐशवी जैन ने आरोही कुशवाह (म.प्र.) को 8-1 से मात दी।
अन्य मुकाबलों में महाराष्ट्र के खिलाड़ियों का दबदबा
अन्य मुकाबलों में निमिषा धुरकुंडे (महाराष्ट्र) ने शामभवी सिंह (म.प्र.) को 8-2 से, समायरा तम्हाणे (महाराष्ट्र) ने काव्या मालेगांवकर (महाराष्ट्र) को 8-2 से, मानसवी फुके (महाराष्ट्र) ने मिशिका सहगल (महाराष्ट्र) को 8-3 से तथा वाणी छत्तुर (महाराष्ट्र) ने अभिनिति छाछरे (महाराष्ट्र) को 8-2 से मात देकर अंतिम आठ में प्रवेश किया। अदविक ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में दर्ज की जीत
बालक वर्ग में विहान देवधरे को 8-6 से हराया
बालक 12 वर्ष आयु वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश के अदविक गोयल ने थोड़े संघर्ष के बाद महाराष्ट्र के विहान देवधरे को 8-6 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। अन्य मुकाबलों में रिदित नवले (महाराष्ट्र) ने हुदान डागा (म.प्र.) को 8-5 से तथा समरवीर सिद्धू (महाराष्ट्र) ने मोहम्मद हमदान (उ.प्र.) को 8-3 से पराजित किया।