झाबुआ के सजेली फाटक पर 2 मौत के बाद प्रशासन अलर्ट: कलेक्टर ने मौके पर पहुंचकर देखी सड़क; एक सप्ताह में रोड पूरा करने के निर्देश

झाबुआ। सजेली फाटक पर मंगलवार को सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी। दोनों लोगों ट्रक के टायर की चपेट में आ गए थे। हादसे के बाद बुधवार को प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने सजेली फाटक पहुंचकर दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया।
निर्माणाधीन मार्ग की स्थिति देखी
कलेक्टर ने निर्माणाधीन सड़क, वर्तमान यातायात व्यवस्था और आवागमन के लिए बनाए गए वैकल्पिक मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सड़क की स्थिति और यातायात व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कीचड़ से बचाव के लिए गिट्टी-चूरी डालने के निर्देश
बारिश के कारण वैकल्पिक मार्ग पर कीचड़ की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने मार्ग को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्ग पर केवल मुरम डालने के बजाय पर्याप्त मात्रा में गिट्टी और चूरी का उपयोग किया जाए, ताकि बारिश के दौरान वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी न हो।
उन्होंने वैकल्पिक मार्ग की नियमित निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश भी दिए।

एक सप्ताह में सीसी रोड पूरा करने के निर्देश
कलेक्टर डॉ. भरसट ने सजेली फाटक क्षेत्र में स्वीकृत 7 मीटर चौड़ी सीसी रोड के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश देते हुए आगामी एक सप्ताह में सीसी रोड का निर्माण पूरा करने को कहा।
यातायात और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माणाधीन मार्ग के कारण लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और वैकल्पिक मार्ग को हर समय सुरक्षित एवं सुगम रखा जाए।