| | | |

इंदौर में CJI सूर्यकांत समेत कई जज पहुंचे: न्यायिक मुद्दों पर 2 दिन राष्ट्रीय मंथन; सीएम सहित अन्य नेता शामिल

इंदौर। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में 8 और 9 अगस्त को ‘एन्हांसिंग एक्सेस टू जस्टिस’ विषय पर वेस्ट जोन रीजनल कॉन्फ्रेंस आयोजित की जा रही है। सम्मेलन में भारत के मुख्य न्यायाधीश CJI जस्टिस सूर्यकांत, सुप्रीम कोर्ट और विभिन्न हाईकोर्ट के न्यायाधीश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल समेत न्यायिक एवं विधिक क्षेत्र के कई दिग्गज शामिल हो रहे हैं।

सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण NALSA, मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। उद्घाटन CJI एवं NALSA के संरक्षक-प्रमुख जस्टिस सूर्यकांत और अन्य न्यायाधीशों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बच्चों ने अतिथियों का स्वागत भी किया।

न्याय तक पहुंच बढ़ाने पर रहेगा फोकस
दो दिवसीय सम्मेलन में आम लोगों तक न्याय की आसान पहुंच, विधिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने और न्यायिक प्रक्रिया के विकल्पों पर चर्चा होगी। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए न्यायाधीश, विधिक सेवा प्राधिकरणों के पदाधिकारी, न्यायिक अधिकारी और विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे।

मध्यस्थता से सामुदायिक समाधान तक चर्चा
सम्मेलन के टेक्निकल सेशन-1 का विषय ‘अदालतों से आगे मध्यस्थता : संवाद, सामुदायिक समाधान और समावेशी भागीदारी की संस्कृति का निर्माण’ रखा गया है। सेशन की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस मनमोहन करेंगे, जबकि सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस शील नागू सह-अध्यक्ष होंगे।

सेशन में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस विवेक रूसिया और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं मध्यस्थ अमन एम. हिंगोरानी वक्ता के रूप में शामिल होंगे।

CJI सूर्यकांत के इंदौर पहुंचने पर मेयर ने किया स्वागत 
वेस्ट जोन रीजनल कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए CJI जस्टिस सूर्यकांत शुक्रवार रात इंदौर पहुंचे। देवी अहिल्या विमानतल पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने उनकी अगवानी की।

महापौर ने कहा कि इंदौर की धरती पर मुख्य न्यायाधीश का स्वागत और उनका सान्निध्य शहर के लिए गौरव का विषय है।

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने भी किया स्वागत
CJI जस्टिस सूर्यकांत के पहली बार इंदौर आगमन पर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन इंदौर, मध्यप्रदेश के अध्यक्ष मनीष यादव ने विमानतल पर उनका स्वागत किया। इस दौरान अधिवक्ताओं की समस्याओं और जजों की नियुक्ति से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

दो दिन न्यायिक क्षेत्र के दिग्गज एक मंच पर
8 और 9 अगस्त को होने वाले इस सम्मेलन में न्यायिक क्षेत्र के कई प्रमुख पदाधिकारी और विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं। सम्मेलन में विधिक सेवाओं को अधिक प्रभावी और समावेशी बनाने, मध्यस्थता को अदालतों से आगे समुदाय तक पहुंचाने और आम लोगों की न्याय तक पहुंच मजबूत करने जैसे विषयों पर मंथन होगा।

Share