इंदौर में डॉग बाइट का आतंक जारी, अरबिंदो अस्पताल क्षेत्र से 23 कुत्ते पकड़े गए; 40 लोगों को काटने वाला कुत्ता अब भी फरार
इंदौर। सांवेर रोड स्थित अरबिंदो अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों में 40 से अधिक लोगों को काटने वाले आवारा कुत्ते को पकड़ने के लिए नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। घटना के बाद निगम की टीम ने क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाकर अब तक 23 आवारा कुत्तों को पकड़ लिया है, लेकिन लोगों पर हमला करने वाला मुख्य कुत्ता अब भी पकड़ से बाहर है।
नगर निगम की टीम लगातार कर रही सर्चिंग
डॉग बाइट की घटना के बाद नगर निगम की टीम ने अरबिंदो अस्पताल परिसर, एलएनसीटी कॉलेज, बरदरी गांव, रेवती और आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान शुरू किया। इस दौरान 23 कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित केंद्रों में भेजा गया है।
हालांकि स्थानीय लोगों के अनुसार जिस कुत्ते ने बड़ी संख्या में लोगों पर हमला किया था, उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। इसी वजह से निगम की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी और सर्चिंग कर रही है।
अस्पताल परिसर में सबसे ज्यादा लोग हुए थे शिकार
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को सुबह से शाम तक आवारा कुत्ते ने डॉक्टरों, नर्सों, मेडिकल स्टूडेंट्स, मरीजों के परिजनों और सुरक्षा कर्मियों समेत 40 से अधिक लोगों को काट लिया था। इनमें सबसे ज्यादा मामले अरबिंदो अस्पताल परिसर से सामने आए थे, जहां 16 से अधिक लोग हमले का शिकार बने थे।
घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बन गया और लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की थी।
लोगों में अब भी दहशत
मुख्य कुत्ते के नहीं पकड़े जाने से सांवेर रोड क्षेत्र के रहवासियों और अस्पताल आने-जाने वाले लोगों में चिंता बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब तक हमला करने वाला कुत्ता नहीं पकड़ा जाता, तब तक खतरा पूरी तरह टला नहीं माना जा सकता।
डॉग बाइट के बढ़ते मामलों से बढ़ी चिंता
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार इंदौर में डॉग बाइट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। शहर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग कुत्तों के काटने के बाद उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। ऐसे में आवारा कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण और प्रभावी प्रबंधन की मांग तेज हो गई है।
निगम और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर
नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग दोनों ही मामले पर नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित लोगों को एंटी-रेबीज वैक्सीन और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्य कुत्ते की तलाश जारी है और उसे जल्द पकड़ने के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।
फिलहाल नगर निगम का अभियान जारी है और लोगों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध या आक्रामक कुत्ते की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की गई है।
