मध्यमग्राम में पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में स्थित एक रंग (पेंट) की फैक्ट्री में गुरुवार अपराह्न अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर घना काला धुआं फैल गया, जिससे आसपास का क्षेत्र धुएं से ढक गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मी युद्धस्तर पर आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। हालांकि फैक्ट्री में मौजूद ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

अग्निकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है।

दमकल विभाग और प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आग को पूरी तरह नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।

Share

Similar Posts