श्यामनगर नदी किनारे ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, एक युवक गिरफ्तार

मानगो उलीडीह थाना क्षेत्र के श्यामनगर नदी किनारे पुलिस ने बुधवार रात ब्राउन शुगर तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल ने शंकोसाई निवासी मनिष कुमार यादव को तस्करी करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 26 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिनका कुल वजन 3.870 ग्राम था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
छापामारी में पटमदा डीएसपी के अलावा एसआई मो. शारीक अली, उलीडीह ओपी प्रभारी, एसआई विष्णु चरण भोगता, एसआई विवेक पाल, एसआई रविन्द्र पाण्डेय, एसआई अभिषेक कुमार, एसआई विजय कुमार और उलीडीह ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया गया। इस कार्रवाई से श्यामनगर और आसपास के इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।






