PM मोदी फिर बोले- सोना मत खरीदो: विदेश में शादी से भी बचें; 7.8% GDP ग्रोथ पर दी बधाई

नई दिल्ली। भारत की GDP अप्रैल-जून तिमाही में 7.8% बढ़ी है। इस पर PM नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि लोगों की मेहनत, इच्छाशक्ति और सामूहिक ताकत का नतीजा है।
PM ने लोगों से गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचने की अपील की। उन्होंने विदेश घूमने और विदेश में शादी करने से भी बचने को कहा। PM ने स्वदेशी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की बात कही।
PM बोले- भारत आगे बढ़ रहा है
PM मोदी ने कहा कि दुनिया युद्ध और कई संकटों से गुजर रही है। सप्लाई चेन भी प्रभावित है। इसके बावजूद भारत ने 7.8% की विकास दर हासिल की है।
उन्होंने कहा कि देश को इसी रफ्तार से आगे बढ़ना होगा। PM ने यह भी कहा कि आजादी के 100 साल पूरे होने तक भारत को विकसित देश बनाने का लक्ष्य है।
सोना कम खरीदने से रुपए पर दबाव घटता है
भारत अपनी जरूरत का करीब 99% सोना विदेशों से खरीदता है। इसके लिए डॉलर में भुगतान करना पड़ता है। ज्यादा सोना खरीदने पर डॉलर की मांग बढ़ती है। इससे रुपए पर दबाव बढ़ सकता है। वहीं, सोने का आयात कम होने पर डॉलर की मांग घटती है और रुपए को मजबूती मिल सकती है।
रुपया मजबूत होगा तो महंगाई पर असर पड़ेगा
भारत कच्चे तेल समेत कई जरूरी चीजें विदेशों से खरीदता है। इनका भुगतान डॉलर में होता है। अगर रुपया मजबूत रहता है तो आयात के लिए कम रुपए खर्च करने पड़ते हैं। इससे पेट्रोल-डीजल और दूसरी आयातित चीजों की कीमतों पर दबाव कम हो सकता है। इसका असर महंगाई पर भी पड़ता है।
कम सोना खरीदा, लेकिन खर्च 24% बढ़ गया
2025-26 में भारत ने पिछले कारोबारी साल की तुलना में करीब 4.76% कम सोना आयात किया। इसके बावजूद सोने के आयात पर खर्च करीब 24% बढ़ गया। इसकी मुख्य वजह सोने की कीमतों में तेज बढ़ोतरी रही। यानी भारत ने मात्रा में कम सोना खरीदा, लेकिन महंगा होने के कारण इसके लिए ज्यादा पैसा चुकाना पड़ा।
सोने में निवेश के लिए गोल्ड ETF भी एक विकल्प है। इसमें गहने या सिक्कों की तरह सोने को घर पर रखने की जरूरत नहीं होती। इससे चोरी और लॉकर जैसे खर्चों की चिंता भी कम होती है।