धार में बस पलटने से 20 यात्री घायल: 4 की हालत गंभीर; ड्राइवर बोला स्टेयरिंग फेल होगई थी

धार। धरमपुरी-खलघाट मार्ग पर ग्राम पीपल्दागढ़ी के पास तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। इसके बाद बस खेत में जाकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बस में सवार करीब 20 यात्री घायल हो गए। इनमें 4 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की।
अलीराजपुर से बड़वाह जा रही थी बस
जैन सर्विस की बस अलीराजपुर से बड़वाह की ओर जा रही थी। पीपल्दागढ़ी के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई। बस सड़क से नीचे उतरते हुए खेत में पहुंची और पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही धरमपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया। इसके बाद एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को धरमपुरी के शासकीय अस्पताल भेजा गया। यहां घायलों का इलाज जारी है।

बस की फिटनेस और दस्तावेजों की जांच
हादसे के बाद यात्री बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों और यात्रियों ने बस की फिटनेस को लेकर भी सवाल उठाए हैं। इसके साथ ही बस की गति सीमा और जरूरी दस्तावेजों की वैधता की जांच की मांग की जा रही है।
पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है। बस की तकनीकी स्थिति और दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी। हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या किसी तकनीकी खराबी से, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।