पीथमपुर में कांग्रेस नेता का पोता लापता: CCTV में 11 बजे आखिरी बार दिखा; पुलिस तलाश में जुटी
पीथमपुर। सेक्टर-1 थाना क्षेत्र स्थित फकीर मोहल्ले से 14 साल का बच्चा लापता हो गया है। लापता बच्चा कांग्रेस नेता का पोता और मजीद वारसी का बेटा है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में दिखी आखिरी लोकेशन
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बालक सोमवार सुबह 8 बजे अपने घर से निकला था। दोपहर तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिवार ने आसपास खोजबीन शुरू की। इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर बालक की आखिरी लोकेशन सुबह 11 बजे शहर की मनवानी कॉलोनी के पास दिखाई दी। इसके बाद से बालक का कोई सुराग नहीं लगा है।
पुलिस और परिजनों की संयुक्त तलाश जारी
किसी अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने तुरंत सेक्टर-1 पुलिस थाने में मामले की सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फिलहाल पुलिस टीम परिजनों के साथ मिलकर आसपास के क्षेत्रों, बस स्टैंड और नजदीकी रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बालक का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।