आलीराजपुर में 3 दिन से किसान आंदोलन: कलेक्टर की समझाइश भी बेअसर; CM के आश्वासन पर अड़े ग्रामीण

आलीराजपुर। प्रस्तावित जमीन अधिग्रहण के विरोध में ग्रामीणों का धरना सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। प्रशासन की समझाइश के बावजूद ग्रामीण आंदोलन खत्म करने को तैयार नहीं हैं।
उनका कहना है कि मुख्यमंत्री की ओर से लिखित या स्पष्ट आश्वासन मिलने के बाद ही धरना समाप्त किया जाएगा। आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को कलेक्टर नीतू माथुर खुद धरना स्थल पर पहुंचीं।
उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं और भरोसा दिलाया कि ग्राम सभा की सहमति के बिना जमीन का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीणों की सहमति और उनके हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रशासन के आश्वासन से संतुष्ट नहीं
हालांकि, ग्रामीण प्रशासन के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने कहा कि जमीन उनकी आजीविका का मुख्य आधार है। इतने बड़े फैसले को लेकर वे मुख्यमंत्री से स्पष्ट आश्वासन चाहते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक सरकार की ओर से उनकी मांग पर स्पष्ट फैसला नहीं आता, धरना जारी रहेगा।
मांग पूरी नहीं होने पर और बड़ा होगा आंदोलन
तीन दिन से जारी धरने के कारण जमीन अधिग्रहण का मुद्दा तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने संकेत दिए हैं कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और बड़ा किया जा सकता है। वहीं, कलेक्टर की बातचीत के बाद भी धरना खत्म नहीं होने से प्रशासन के सामने आंदोलन समाप्त कराने की चुनौती बनी हुई है।