इंदौर कमिश्नर की आदतन अपराधियों पर कार्रवाई: 7 जिलाबदर, 5 पर निर्बंधन आदेश; रोज लगानी होगी थाने में हाजिरी

इंदौर। इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में 12 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। इनमें 7 बदमाशों को जिलाबदर किया गया है, जबकि 5 पर निर्बंधन आदेश जारी कर उन्हें कड़ी शर्तों के तहत पाबंद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, इन बदमाशों के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद बदमाशों की आपराधिक गतिविधियों में सुधार नहीं हुआ है। क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होने के चलते मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत कार्रवाई की गई।
7 बदमाश को जिले से बाहर किया
पुलिस कमिश्नर ने अरबाज खान, अब्दुल रहीम उर्फ बाला, विशाल उर्फ पप्पी, विशाल पिता रामचरण, पार्थ मारकड़, आकाश विसोटिया और राजा उर्फ विशाल राठौर को 3 से 6 महीने के लिए जिले से बाहर किया है। इन्हें निर्धारित अवधि तक इंदौर जिले की नगरीय एवं ग्रामीण सीमा के साथ आसपास के सीमावर्ती जिलों की राजस्व सीमा से बाहर रहना होगा।
5 बदमाशों पर कानूनी प्रतिबंध
संतोष बागरी, सुभाष जाटव, हरदीप बारबर, हिमांशु दतोदिया और गणेश उर्फ बाड़ा के खिलाफ 6 महीने से 1 साल तक की अवधि के लिए निर्बंधन आदेश जारी किया गया है। इन बदमाशों को संबंधित थाने में नियमित हाजिरी देना होगी। साथ ही किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने, लोकशांति भंग नहीं करने और आदेश में तय अन्य शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा। शर्तों का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इन मामलों में शासन की ओर से एडीपीओ अजय प्रताप बुंदेला ने पैरवी की।