| | |

MP सरकार लेगी 3600 करोड़ का कर्ज: 2026 में कर्ज 51,400 करोड़ हुआ; कुल कर्ज 5.40 लाख करोड़ के पार

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार डेवलपमेंट और पर्डक्शन प्रोजेक्ट और परियोजनाओं के लिए एक बार फिर 3,600 करोड़ रुपए का कर्ज लेने जा रही है।

इसके लिए 1 सितंबर को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के मुंबई कार्यालय के माध्यम से दो अलग-अलग सरकारी सिक्योरिटीज की नीलामी होगी।

सरकार 1,600 करोड़ का कर्ज 18 साल और 2,000 करोड़ का कर्ज 30 साल के लिए लेगी। दोनों सिक्योरिटीज की नीलामी RBI के ई-कुबेर प्लेटफॉर्म पर होगी। नीलामी में बैंक, वित्तीय संस्थान और पात्र निवेशक बोली लगा सकेंगे।

चुकाना होगा 7.61% ब्याज 
1,600 करोड़ के कर्ज पर सालाना 7.61% ब्याज की दर से जुलाई 2044 तक भुगतान किया जाएगा। ब्याज का भुगतान हर साल 8 जनवरी और 8 जुलाई को होगा। वहीं, 2,000 करोड़ के 30 वर्षीय कर्ज की ब्याज दर नीलामी में तय होगी। इसका ब्याज हर साल 2 मार्च और 2 सितंबर को दिया जाएगा।

बढ़ेगा बोझ 
इस कर्ज के बाद चालू वित्त वर्ष में राज्य सरकार द्वारा लिया गया कुल कर्ज 51,400 करोड़ हो जाएगा। वहीं, सरकार पर कुल कर्ज बढ़कर 5 लाख 40 हजार 114 करोड़ पहुंच जाएगा। 31 मार्च 2026 तक राज्य सरकार पर 4 लाख 88 हजार 714 करोड़ का कर्ज था।

18 अगस्त को लिया था 2,400 करोड़ का कर्ज 
इससे पहले 18 अगस्त को सरकार ने 2,400 करोड़ का कर्ज लिया था। इसमें 1,400 करोड़ और 1,000 करोड़ की दो सिक्योरिटीज 7.58% और 7.39% ब्याज दर पर जारी की गई थीं। इससे पहले 4 अगस्त को भी सरकार ने कुल 3,600 करोड़  का कर्ज लिया था।

Share