पीथमपुर में मकान से 25 पेटी अवैध देशी शराब और बीयर जब्त: कीमत एक लाख 15 हजार रुपए; 27 वर्षीय युवक गिरफ्तार

धार। पीथमपुर में मध्य प्रदेश आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की है। सोमवार देर रात इंडोरामा क्षेत्र के एक मकान पर टीम ने छापा मारा। तलाशी के दौरान मकान से 25 पेटी अवैध देशी शराब और बीयर जब्त की गई। कार्रवाई में एक युवक को भी हिरासत में लिया गया है। जब्त शराब की कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपए बताई जा रही है।
आबकारी अधिकारी मुनेन्द्र सिंह जादोन ने बताया कि सागौर वृत्त क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से अवैध शराब की बिक्री और भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं। विभाग लगातार इन शिकायतों की जानकारी जुटा रहा था। इसी बीच सोमवार देर रात आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली। मुखबिर ने इंडोरामा क्षेत्र के एक रिहाइशी मकान में बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखे होने की जानकारी दी।
25 पेटी अवैध देशी शराब और बीयर जब्त
सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया। इसके बाद टीम बताए गए ठिकाने पर पहुंची। मकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। टीम ने मौके से 25 पेटी अवैध देशी शराब और बीयर जब्त की। शराब को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से एक युवक को हिरासत में लिया। उसकी पहचान श्रीराम पिता पूनमचन्द मारु, उम्र 27 वर्ष, निवासी बगदून के रूप में हुई है। आबकारी विभाग ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपए बताई गई है।

आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
विभाग ने आरोपी श्रीराम के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मेडिकल के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। विभाग अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रहा है।