बैंक ऑफ इंडिया धार से 46 लाख लेकर कैशियर भागा: प्रबंधक ने दूसरी चाबी से खोला लॉकर; कैश रिकॉर्ड का किया जा रहा मिलान

धार। बाग स्थित बैंक ऑफ इंडिया की स्थानीय शाखा में सोमवार को पैसों की गड़बड़ी हुई है। नकदी में बड़ी हेराफेरी की आशंका के चलते दिनभर बैंक का कामकाज पूरी तरह बंद रहा। बैंक के मुख्य द्वार पर ‘लिंक बंद है’ का पर्चा चस्पा कर दिया गया है। ग्राहकों का प्रवेश रोक दिया गया। इससे बैंक पहुंचे लोगों को दिनभर परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दूसरी चाबी से खोला लॉकर
सोमवार सुबह करीब 10 बजे से ही बैंक शाखा में सन्नाटा पसरा रहा। अंदर धार आंचलिक कार्यालय और जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक की टीम पहुंची। टीम दस्तावेजों और नकदी का मिलान करने में जुटी रही। बैंक के अधिकारी देर तक जांच करते रहे। देर रात बैंक प्रबंधक मयूर दुबे पुलिस थाने पहुंचे।
उन्होंने करीब 46 लाख रुपए कैश कम होने की लिखित शिकायत दी। उन्होंने कैशियर के चाबी लेकर गायब होने की बात भी पुलिस को बताई। प्रबंधक के अनुसार कैशियर चाबी लेकर चला गया। इसके बाद जिला कार्यालय से दूसरी चाबी मंगवाई गई। दूसरी चाबी से लॉकर खोला गया। इसके बाद लॉकर में रखी नकदी का मिलान किया गया। मिलान के दौरान प्रथम दृष्टया करीब 46 लाख रुपए की नकदी कम पाई गई।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी वास्तविक राशि
बैंक प्रबंधक ने बताया कि 46 लाख रुपए की कमी सामने आई है। वास्तविक अनियमितता कितनी है, यह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। उच्चाधिकारियों की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। दस्तावेजों और कैश रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है।
जांच के दौरान बैंक का कामकाज प्रभावित रहा। पूरे घटनाक्रम के दौरान बैंक का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मीडिया को स्पष्ट जानकारी देने के लिए तैयार नहीं हुआ। परेशान ग्राहक भी बैंक पहुंचे। हालांकि, उन्हें भी मामले की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। बैंक के बाहर केवल ‘लिंक बंद है’ का पर्चा लगा रहा।
बैंक प्रबंधक रात 9 बजे पहुंचे थाने
बैंक प्रबंधक मयूर दुबे सोमवार रात करीब 9 बजे बाग थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन दिया। थाना प्रभारी हीरूसिंह रावत ने बताया कि बैंक प्रबंधन की ओर से आवेदन मिला है। हालांकि, मामले में FIR दर्ज करने से पहले जरूरी दस्तावेज मांगे गए हैं। पुलिस के अनुसार बैंक प्रबंधन को जांच से जुड़े आवश्यक और आधिकारिक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। दस्तावेज मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार से सामान्य हुआ बैंक का कामकाज
सोमवार को दिनभर बैंक का कामकाज बंद रहा। इसके बाद मंगलवार से बैंक में सामान्य कामकाज बहाल कर दिया गया। बैंक की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। उच्चाधिकारियों की जांच के बाद ही नकदी की कमी की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। रिपोर्ट के बाद यह भी स्पष्ट होगा कि बैंक में कुल कितनी राशि की अनियमितता हुई है। इसके बाद पुलिस भी मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।