सांसद लालवानी के तीखे तेवर – सिंहस्थ 2028 से पहले रेलवे स्टेशनों के निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश

सिंहस्थ–2028 के पूर्व रेलवे विकास कार्यों की प्रगति को लेकर इंदौर संभाग में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद श्री शंकर लालवानी ने की।
बैठक में सांसद लालवानी ने कहा कि —

“सिंहस्थ 2028 से पूर्व रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्यों को हर हाल में पूर्ण किया जाए। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।”
उन्होंने इंदौर रेलवे स्टेशन की नई रूपरेखा, इंदौर–दाहोद रेलवे लाइन की प्रगति और इंदौर संभाग की अन्य रेलवे परियोजनाओं की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में भारत सरकार के गतिशक्ति मंत्रालय से संबंधित समन्वय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया ताकि सभी परियोजनाएँ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण हो सकें।
केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने इंदौर–दाहोद रेलवे लाइन, धार स्टेशन, प्रीतमपुर क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण तथा प्रस्तावित अलीराजपुर–खंडवा रेलवे लाइन की समीक्षा की।
सांसदों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” और “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को साकार करने में ये परियोजनाएँ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी। ये परियोजनाएँ जनजातीय अंचलों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में भी अहम कदम हैं।
बैठक में राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी, सांसद श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान, विशाल गिडवानी, रतलाम मंडल रेलवे के आर.सी. गुप्ता, वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






