| |

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो पत्नी संग पहुंचे ताजमहल, डायना बेंच पर खिंचवाई तस्वीरें

Marco Rubio चार दिवसीय भारत दौरे के तहत सोमवार को पत्नी जीनेट रुबियो के साथ आगरा पहुंचे और विश्व प्रसिद्ध Taj Mahal का दीदार किया। अमेरिकी विदेश मंत्री विशेष विमान से आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पहुंचे, जहां से उनका काफिला सीधे ताजमहल के शिल्पग्राम पहुंचा।

मार्को रुबियो और उनकी पत्नी गोल्फ कार्ट से ताजमहल के पूर्वी गेट पहुंचे और वहां से पैदल परिसर में प्रवेश किया। उनके साथ अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के कुछ सदस्य भी मौजूद रहे। ताजमहल की खूबसूरती से प्रभावित दंपति ने प्रसिद्ध डायना बेंच पर बैठकर फोटोग्राफी भी कराई और ऐतिहासिक स्मारक की भव्यता को करीब से निहारा।

इस दौरान गाइड नितिन गुप्ता ने मार्को रुबियो को ताजमहल के इतिहास, निर्माण और वास्तुकला से जुड़ी जानकारी दी। भारत भ्रमण के दौरान यह आगरा दौरा उनके पूर्व निर्धारित कार्यक्रम का हिस्सा था।

ताजमहल भ्रमण के बाद मार्को रुबियो आगरा के एक पांच सितारा होटल में अल्प विश्राम और लंच के लिए रवाना हुए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इसके बाद वे जयपुर के लिए रवाना होंगे।

अमेरिकी विदेश मंत्री के आगरा दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के साथ स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने खेरिया हवाई अड्डे से लेकर ताजमहल और होटल तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी। खुफिया एजेंसियां भी पूरे दौरे के दौरान सतर्क रहीं।

Share

Similar Posts