सागर जहरीली शराब कांड पर सिंघार ने उठाए सवाल: CM से पूछा- अधिकारियों से कैसी दोस्ती; आखिर क्यों बचा रही सरकार

धार/सागर। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सागर जहरीली शराब कांड को लेकर मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला है। विदेश यात्रा से लौटे मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए सिंघार ने कहा कि केवल पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि चश्मदीदों के बयानों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
सरकार पर अधिकारियों को बचाने का आरोप
धार दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में सिंघार ने आरोप लगाया कि सरकार आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना और जबलपुर के सहायक आयुक्त संजीव दुबे को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आबकारी अधिकारियों और डिस्टलरी मालिकों के बीच मिलीभगत का भी आरोप लगाया।
पहले अनुपयोगी बताया, दो घंटे बाद दी मंजूरी
सिंघार ने कहा कि आबकारी विभाग ने पहले जिस शराब को पीने योग्य नहीं माना, उसी मामले में महज दो घंटे बाद सामान्य कार्रवाई के आदेश देकर हरी झंडी दे दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इतनी गंभीर लापरवाही के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

MP में ही बिक रही सस्ती और जहरीली शराब
उत्तर प्रदेश को बदनाम करने के आरोपों को खारिज करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश में खुद आबकारी विभाग की नाक के नीचे सस्ती और जहरीली शराब बेची जा रही है।
मुख्यमंत्री से पूछा- आखिर क्यों बचा रहे अधिकारी
सिंघार ने मुख्यमंत्री से सीधा सवाल करते हुए कहा कि इन अधिकारियों के प्रति उनका ऐसा क्या विशेष लगाव, मित्रता या व्यावसायिक साझेदारी है, जिसके कारण उन्हें लगातार बचाया जा रहा है। सिंघार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।