| | | | | |

रीवा SGMH की 6 अफसर मॉनिटरिंग करेंगे: प्रदेश प्रकाश की खबर का असर; कलेक्टर-SP देर रात पहुंचे अस्पताल

रीवा। प्रदेश प्रकाश की “मंत्रीजी के घर में सिस्टम बीमार” शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी सोमवार देर रात को संजय गांधी अस्पताल पहुंचे। निरीक्षण के दौरान इंचार्ज की 7 दिन की सैलरी काटने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने वार्डों का निरीक्षण किया। गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर उन्होंने स्टाफ को फटकार लगाई। उन्होंने साफ-सफाई के साथ वार्डों में बेड, चादर, तौलिए और डॉक्टरों की मौजूदगी जैसी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सरकारी संस्थानों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गंदगी पर कलेक्टर की सख्ती
सफाई व्यवस्था में गंदगी मिलने पर कलेक्टर ने सफाई प्रभारी को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि अस्पताल में गंदगी बर्दाश्त नहीं होगी और अगले दिन से सफाई व्यवस्था बेहतर दिखनी चाहिए। कर्मचारी या अव्यवस्था मिलने पर तत्काल कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही मरीज के साथ एक अटेंडर रहने की व्यवस्था आज से लागू करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने दिए सुधार के निर्देशकलेक्टर सूर्यवंशी ने बताया कि नगर निगम कमिश्नर अक्षत जैन, एसपी डॉ. गुरुकरन सिंह और जिला पंचायत सीईओ सृष्टि देशमुख, एसडीएम अनुराग तिवारी के साथ हमने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और इस दौरान कई अव्यवस्थाएं मिलीं। अस्पताल प्रशासन को हमने निर्देश दिया है कि किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कॉलेज सुपरिटेंडेंट की जिम्मेदारी है कि वह व्यवस्था बनाए रखें और अगर इसके लिए उन्हें प्रशासन से कोई सहायता चाहिए, तो वह भी दी जाएगी।

अब अस्पताल में रहेगी ये नई व्यवस्था
    • वार्ड में बिना परमिशन की नहीं मिलेगी एंट्री।
    • मरीज से मिलने का समय निर्धारित किया।
    • बेड के पुराने गद्दे खुले में पड़े न मिलें।
    • दीवारों में गुटखा की पीक दिखाई न दे।
    • वाहनों की पार्किंग पर विशेष ध्यान दिया जाए।

ये अधिकारी करेंगे निरीक्षण और कार्रवाई (साप्ताहिक ड्यूटी)
  • सोमवार: अनुराग तिवारी (एसडीएम हुजूर)
  • मंगलवार: जितेंद्र तिवारी (डिप्टी कलेक्टर)
  • बुधवार: सपना त्रिपाठी (अपर कलेक्टर)
  • गुरुवार: सिद्धार्थ शुक्ला (एसडीएम सिटी)
  • शुक्रवार: अक्षत जैन (आयुक्त, नगर निगम)
  • शनिवार: सुधीर कुमार बैक (संयुक्त कलेक्टर)

‘मंत्रीजी के घर’ में सिस्टम बीमार
7 सितंबर 2026 के अंक में ‘मंत्रीजी के घर में सिस्टम बीमार’ शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी। खबर में अस्पताल की सफाई व्यवस्था और दूसरी सुविधाओं में सामने आई कमियों को बताया गया था। साथ ही जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए थे।

खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कदम उठाए। अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने साफ कहा कि व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कांग्रेस विधायक का गंभीर आरोप
सुंदर महिला के शव के साथ पोस्टमॉर्टम के दौरान होता है दुष्कर्म! जयस्तंभ चौराहे पर कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने संजय गांधी अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए। हालांकि अस्पताल प्रशासन या किसी आधिकारिक जांच एजेंसी की ओर से इसकी पुष्टि करने वाला कोई तथ्य सामने नहीं आया है।

Share