|

रीवा में नशा मुक्ति सद्भावना पदयात्रा: हजारों लोगों ने लिया हिस्सा; युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश

रीवा। शहर में नशा मुक्ति और सामाजिक जागरूकता को लेकर आज भगवती मानव कल्याण संगठन की ओर से नशा मुक्ति सद्भावना जन-जागरण पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में संगठन के हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हिस्सा लिया। बैंड-बाजों और जागरूकता नारों के साथ निकली यात्रा ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया।

मानस भवन से शुरू हुई पदयात्रा
पदयात्रा का शुभारंभ मानस भवन से हुआ। इसके बाद यात्रा कॉलेज चौराहा, पुराना बस स्टैंड, जय स्तंभ चौक, पीटीएस ग्राउंड, नया बस स्टैंड, सिरमौर चौराहा और शिल्पी प्लाजा मार्ग से होते हुए आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। लोगों से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान में जुड़ने की अपील की गई।

महिलाओं और युवाओं की भी बड़ी भागीदारी
पदयात्रा में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। बैंड-बाजों और नशा मुक्ति से जुड़े नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न मार्गों पर जनसंपर्क किया। आयोजकों ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें सकारात्मक दिशा देना जरूरी है।

‘नशा परिवार और समाज दोनों के लिए घातक’
कार्यक्रम में भगवती मानव कल्याण संगठन के केंद्रीय महासचिव अजय अवस्थी, सौरभ द्विवेदी सहित संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है। युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। संगठन ने पदयात्रा को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

नशे के खिलाफ जन आंदोलन में जुड़ने की अपील
पदयात्रा के दौरान लोगों से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान में शामिल होने की अपील की गई। आयोजकों ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सकता है।

Share