ईरानी तेल पर अमेरिका की 30 दिन की राहत, वैश्विक कीमतों को काबू में लाने की कोशिश

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमेरिका ने वैश्विक तेल बाजार को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। ट्रंप प्रशासन ने ईरानी कच्चे तेल की खरीद-बिक्री पर लगे प्रतिबंधों में 30 दिनों की अस्थायी छूट देने का फैसला किया है।
यह छूट विशेष रूप से उन ईरानी तेल टैंकरों के लिए दी गई है, जो पहले से समुद्र में मौजूद हैं। इसका उद्देश्य वैश्विक बाजार में तेल की आपूर्ति बढ़ाना और बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण पाना है।
अमेरिकी ट्रेजरी मिनिस्टर स्कॉट बेसेंट ने इस फैसले की घोषणा की। ट्रेजरी विभाग के अनुसार यह छूट 20 मार्च से 19 अप्रैल तक लागू रहेगी।
दरअसल, ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष के चलते कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिला है। जहां पहले कीमतें करीब 70 डॉलर प्रति बैरल थीं, वहीं अब यह बढ़कर 110 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं।
सरकार के अनुसार, इस अस्थायी छूट से वैश्विक बाजार में लगभग 14 करोड़ बैरल तेल की अतिरिक्त आपूर्ति आ सकती है, जिससे ऊर्जा संकट को कम करने में मदद मिलेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की उपलब्धता बढ़ेगी और कीमतों पर बना दबाव कुछ हद तक कम हो सकता है। हालांकि, यह राहत केवल सीमित समय के लिए है और आगे की स्थिति पश्चिम एशिया में जारी घटनाक्रम पर निर्भर करेगी।
यह कदम वैश्विक ऊर्जा संतुलन बनाए रखने और आर्थिक दबाव को कम करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।






