अलीराजपुर में टावर की केबल चुराने की कोशिश: अंधेरे का फायदा उठाकर भागे चोर; रहवासियों ने निगरानी बढ़ाने की मांग की

अलीराजपुर। नानपुर के कलिका माता मंदिर रोड के पास बने BSNL टावर से चोर ने केबल चुराने की कोशिश की। सोमवार को रात 3 बजे टावर की केबल काटने की आवाज सुनकर ग्रामीण सतर्क हो गए।
लोगों के मौके पर पहुंचते ही चोर अंधेरे का फायदा उठकर भाग गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही बदमाश कटी हुई केबल छोड़कर फरार हो गए।
AC के आउटडोर यूनिट को भी चुराने वाले थे
ग्रामीणों के अनुसार चोर टावर से लाखों रुपए कीमत की केबल के साथ AC के आउटडोर यूनिट को भी निशाना बनाने की तैयारी में थे। आवाज सुनाई देने पर देवेंद्र माली, तेजमल माली और धर्मेंद्र माली सहित आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी और तत्काल नानपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही बदमाश सामान छोड़कर भाग निकले।
निगरानी बढ़ाने की मांग की
घटना के बाद क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात में लंबे समय तक बिजली बंद रहने से इलाके में अंधेरा छा जाता है, जिसका फायदा असामाजिक तत्व उठा रहे हैं। ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था में सुधार के साथ रात के समय संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।