|

ऋषिकेश में उज्जैनी एक्सप्रेस हादसे का शिकार, शंटिंग के दौरान 3 कोच पटरी से उतरे

Rishikesh में सोमवार रात उज्जैनी एक्सप्रेस शंटिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गई। रेलवे सूत्रों के अनुसार ट्रेन के तीन कोच पटरी से उतर गए, जब शंटिंग लाइन के अंतिम छोर पर लगे बफर (डेड एंड) से इंजन टकरा गया। टक्कर के बाद डिब्बों पर अचानक दबाव बढ़ा, जिससे एक बोगी पूरी तरह ट्रैक से बाहर निकल गई, जबकि दूसरी बीच से मुड़ गई।

जानकारी के मुताबिक उज्जैनी एक्सप्रेस सोमवार शाम करीब 6 बजे योगनगरी रेलवे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन को मंगलवार सुबह 6:15 बजे वापस रवाना होना था। इसी कारण रात करीब 9:42 बजे ट्रेन को प्लेटफॉर्म से खांड गांव स्थित शंटिंग लाइन की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

हादसे में ट्रेन की तीन बोगियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, इंजीनियरिंग टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।

गनीमत रही कि हादसे के समय ट्रेन खाली थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। देर रात तक ट्रैक को दुरुस्त करने और क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने का काम जारी रहा। रेलवे की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Share

Similar Posts