| |

उज्जैन में 10 फीट का अजगर दिखा: नाले के पास अजगर देखकर जुटे ग्रामीण; 5 वनकर्मियों ने किया रेस्क्यू

उज्जैन। बड़नगर के ग्राम धुरेरी में गुरुवार दोपहर नाले के पास करीब 10 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम गांव पहुंची और करीब पांच कर्मचारियों की मदद से अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

नाले के पास दिखाई दिया अजगर
ग्रामीणों ने नाले के पास अजगर को देखा तो इसकी जानकारी वनरक्षक संजय तिवारी को दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद वन विभाग की विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले ग्रामीणों को अजगर से सुरक्षित दूरी पर किया। इसके बाद सावधानी के साथ उसे पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई।

5 वनकर्मियों ने मिलकर पकड़ा
करीब 10 फीट लंबे अजगर को पकड़ना और उसे सुरक्षित पिंजरे तक पहुंचाना आसान नहीं था। वन विभाग के पांच कर्मचारियों ने मिलकर अजगर को काबू किया और सुरक्षित तरीके से उसे पिंजरे में रखा। रेस्क्यू के दौरान अजगर का पेट सामान्य से अधिक फूला हुआ दिखाई दिया। इससे उसके हाल में किसी जीव का शिकार करने की आशंका जताई गई।

उज्जैन लाकर सुरक्षित जगह छोड़ा
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम अजगर को सुरक्षित तरीके से उज्जैन लेकर पहुंची। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसे पकड़ने या उसके पास जाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

Share