आंगनबाड़ी से ढाई साल की बच्ची का अपहरण: 50 से ज्यादा CCTV खंगाले, सीधी से बरामद; 4 आरोपी गिरफ्तार

रीवा। समान थाना क्षेत्र स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से ढाई साल की बच्ची के अपहरण के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बच्ची को पड़ोसी जिले सीधी से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, अपहरण की साजिश आंगनबाड़ी परिसर में ही रची गई थी।
आंगनबाड़ी परिसर में रची साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि जिस मकान में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित होता था, उसी परिसर में रीनू वर्मा उर्फ गोल्डी वर्मा किराए के कमरे में रहती थी। इस दौरान उसकी आंगनबाड़ी सहायिका रिया वर्मा से नजदीकियां बढ़ीं। दोनों ने मिलकर बच्ची के अपहरण की योजना बनाई। वारदात के बाद गोल्डी वर्मा ने बच्ची के परिवार के साथ सहानुभूति जताने और उसकी तलाश में मदद करने का दिखावा किया, ताकि उस पर किसी को शक न हो।
50 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले
बच्ची के लापता होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। टीम ने इलाके के 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में बच्ची अपने भाई के साथ आंगनबाड़ी केंद्र में जाती दिखाई दी, लेकिन वहां से बाहर निकलते हुए नजर नहीं आई। इसके बाद पुलिस का शक आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े लोगों पर गया। पूछताछ में सामने आया कि आंगनबाड़ी सहायिका रिया वर्मा ने बच्ची को गायब करने में सहयोग किया था। पुलिस के मुताबिक, बच्ची को बोरी में छिपाकर आंगनबाड़ी परिसर से बाहर ले जाया गया।
संतानहीन महिला को सौंप दी बच्ची
एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि संतानहीन गोल्डी वर्मा ने बच्ची को अपने कब्जे में लेने के बाद मोहनिया के पास रहने वाली अपनी भाभी केशकली कोल को सौंप दिया था। इसके बाद केशकली बच्ची को अपने मायके सीधी जिले के धनहा ले गई।
आधी रात पुलिस ने दी दबिश
बच्ची के सीधी में होने की पुख्ता सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने आधी रात धनहा में दबिश दी। टीम ने कीचड़ और दुर्गम रास्तों से गुजरते हुए बच्ची को तलाश किया और उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद बच्ची को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में रीनू वर्मा उर्फ गोल्डी वर्मा, आंगनबाड़ी सहायिका रिया वर्मा, केशकली कोल और रविशंकर मालवीय को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब मामले में आरोपियों की भूमिका और अपहरण की पूरी साजिश से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।