ट्रंप की अध्यक्षता में आज गाजा शांति समिति की बैठक, 20 देशों से होगी भागीदारी

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अध्यक्षता में गुरुवार को युद्धग्रस्त गाजा के पुनर्वास के लिए गठित शांति समिति की बैठक आयोजित होगी।
यह बैठक यूएस इंस्टीट्यूट ऑफ पीस, वॉशिंगटन में होगी, जिसमें पाकिस्तान, मिस्र, जॉर्डन, इंडोनेशिया, कतर, सऊदी अरब, तुर्की और संयुक्त अरब अमीरात समेत 20 सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। समिति की बैठक में गाजा के पुनर्निर्माण के लिए 5 अरब डॉलर तक के योगदान की घोषणा की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि इजराइल-हमास युद्धविराम के बाद जनवरी में दावोस में ट्रंप ने शांति बोर्ड का गठन किया था। शुरू में इस बोर्ड का उद्देश्य युद्ध के बाद गाजा की स्थिति पर निगरानी रखना था, लेकिन इसका दायरा बढ़ाकर वैश्विक शांति को भी शामिल किया गया।
बोर्ड में अमेरिकी राष्ट्रपति को अनिश्चितकाल के लिए अध्यक्ष बनाए जाने की मंजूरी दी गई है। इस बैठक के दौरान सदस्य देशों द्वारा गाजा पुनर्वास पर रणनीतिक और वित्तीय पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह बैठक युद्धग्रस्त क्षेत्रों में पुनर्निर्माण और स्थायी शांति के लिए एक महत्वपूर्ण कदम हो सकती है।






