टॉक्सिक के दौरान प्रेग्नेंट थीं कियारा आडवाणी: यश-गीतू ने दिया पूरा सपोर्ट, बोलीं- वह पल कभी नहीं भूलूंगी

बॉलीवुड एक्ट्रेस कियारा आडवाणी फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर सुर्खियों में हैं। 26 अगस्त को रिलीज होने जा रही इस फिल्म में कियारा पहली बार प्रेग्नेंसी के बाद बड़े पर्दे पर नजर आएंगी।
फिल्म में वह यश के साथ स्क्रीन शेयर कर रही हैं और नादिया का किरदार निभा रही हैं। फिल्म के चेन्नई प्री-रिलीज इवेंट में कियारा ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक भावुक किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि जब वह प्रेग्नेंट हुई थीं, तब परिवार के बाद उन्होंने सबसे पहले फिल्म के डायरेक्टर गीतू मोहनदास और को-स्टार यश को यह खुशखबरी दी थी।
प्रेग्नेंसी की खबर सुनकर भावुक हो गए थे यश और गीतू
कियारा ने बताया कि जब उन्होंने दोनों को अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में बताया, तो उन्होंने फिल्म की शूटिंग, लॉजिस्टिक्स या प्रोजेक्ट पर पड़ने वाले असर के बारे में चिंता नहीं की। इसके बजाय उनकी आंखों में आंसू और चेहरे पर मुस्कान थी। दोनों ने उन्हें बधाई दी और कहा कि अब वे उनकी जिंदगी का सबसे बेहतरीन समय साथ बिताने वाले हैं। एक्ट्रेस ने कहा कि किसी को उनके लिए इतनी खुशी देखकर उनका दिल भर आया था। वह उस पल को कभी नहीं भूलेंगी।
‘सेट पर आओ, आराम से रहो और जो मन करे खाओ’
कियारा ने बताया कि यश और गीतू ने उनसे कहा था कि वह सेट पर आएं, आराम से रहें और जो मन करे वह खाएं। दोनों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वे मिलकर बेहतरीन फिल्म बनाएंगे।
कियारा के मुताबिक, टीम ने अपने इस वादे को पूरा भी किया। उन्होंने यश और गीतू का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि दोनों ने उन्हें यह महसूस कराया कि उस समय वह कुछ भी कर सकती हैं।
‘टॉक्सिक’ को ग्लोबल लेवल तक पहुंचाने का विजन
इवेंट में कियारा ने फिल्म के बड़े विजन के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि फिल्म का उद्देश्य भारतीय सिनेमा को आगे ले जाना, देश के बेहतरीन कलाकारों और तकनीशियनों को एक साथ लाना और फिल्म को ग्लोबल लेवल तक पहुंचाना था।
कियारा ने फिल्म की पूरी टीम और चेन्नई की ऑडियंस का प्यार और समर्थन देने के लिए आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि 26 अगस्त को फिल्म रिलीज होने के बाद दर्शक भी इसमें टीम की मेहनत, जुनून और दीवानगी को महसूस करेंगे।